दूरसंचार सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति की हुई बैठक
जगदलपुर , 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय संचार निगम लिमिटेड बस्तर परिक्षेत्र दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक आज शुक्रवार काे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद एवं दूरसंचार सलाहकार समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने की। इस अवसर पर कांकेर सांसद
दूरसंचार सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति की हुई बैठक


जगदलपुर , 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय संचार निगम लिमिटेड बस्तर परिक्षेत्र दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक आज शुक्रवार काे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद एवं दूरसंचार सलाहकार समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने की।

इस अवसर पर कांकेर सांसद एवं समिति सदस्य भोजराज नाग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बस्तर एवं कांकेर संसदीय क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, नए मोबाइल टावरों की स्थापना, इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, 4G सेवाओं के विस्तार तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे अहम विषय बैठक के प्रमुख बिंदु रहे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मजबूत संचार व्यवस्था क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक कार्यों और सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में बेहतर कनेक्टिविटी से डिजिटल सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा।

बैठक में उपस्थित बीएसएनएल अधिकारियों ने अवगत कराया कि नेटवर्क अपग्रेडेशन एवं सेवा सुधार से संबंधित कार्य निरंतर प्रगति पर है और आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को और बेहतर दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे