शिवरात्रि मेला पुस्तक प्रदर्शनी में मंडयाली साहित्य-संस्कृति की पुस्तकों की धूम
विदेश पर्यटक भी खरीद रहे हैं हिमाचली व मंडयाली संस्कृति की पुस्तकें
पुस्तक प्रदर्शनी में लगी मंडी की पुस्तकें एवं पुस्तक खरीदते हुए दंपति।


मंडी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के अवसर पर मेला कमेटी की ओर से की गई अनूठी पहल रंग ला रही है। मंडी में पहली बार छोटीकाशी साहित्य उत्सव के आयोजन से मंडी में साहित्य के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित किया गया। वहीं पर इसी कड़ी को बढ़ाते हुए पड्डल मैदान में आयोजित की जा रही विभिन्न संस्थाओं और विभागों की प्रर्दशनियों के बीच हिमाचल एवं मंडी के साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई है। स्टॉल नंबर 111 में आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी में पुस्तक प्रेमियों की आमद से स्थानीय लेखकों को देखने व खरीदने का अवसर मिल रहा है।

मेले में हिस्ट्री ऑफ हिमाचल प्रदेश, हिस्ट्री ऑफ मंडी स्टेट, देव उत्सव सत्यमहेश शर्मा,मंडी रियासत का इतिहास अनुवाद सुनीता शर्मा एवं साहित्यकार मुरारी शर्मा की चर्चित पुस्तक बाणमूठ, देबकू एक प्रेम कथा, पहाड़ पर धूप, बांठड़ा और सन्नाटे की चीख पुस्तकें पाठकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा स्व. हेमकांत कात्यायन की गाहिया नरोत्तम, पवन चौहान हिमाचल का बाल साहित्य,पर्यटकों का ननिहाल हिमाचल प्रदेश , जड़ों से जुड़ाव,गंगा राम राजी युगों पुराना संगीत, एक और मुक्ति वाहिनी, जगदीश कपूर की मुईये मेखे तू केस लेखे, टांकरी लिपि, डा. तारा सेन जंगली खाद्य एवं औषधीय पौधे, कृष्ण चंद्र महादेविया मंडी जनपद के लोक नाट्य, प्रकाश चंद्र धीमान हिमाचल प्रदेश की लोक गाथाएं:झेड़े, अर्पणा धीमान नियति का जंगल, सुरेश सेन निशांत कुछ थे जो कवि थे आदि अनेक पुस्तकें पाठकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

यही नहीं कुल्लू की संस्कृति में रचे-बसे विदेशी मूल के एक दंपति ने इस पुस्तक प्रदर्शनी से केआर भारती की अंग्रेजी पुस्तक हिस्ट्री आफ हिमाचल प्रदेश प्रस्तक उत्सुक्तापूर्वक खरीदी है। इस पुस्तक प्रदर्शनी में मंडी के इतिहास, संस्कृति और साहित्य से जुड़ी पुस्तकों को लोग बड़े चाव के साथ खरीद रहे हैं। आज के मोबाइल और इंटरनेट के युग में पुस्तकों के प्रति लोगों का रूझान उत्साह बढ़ाता है, वहीं पर यह भी दर्शाता है कि तकनीकी विस्फोट के दौर में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा