Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद, 20 फरवरी (हि.स.) । शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव पपड़ी खुर्द के पास गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मनीष गंगवार की मौत हो गई। वह कायमगंज में एक शादी समारोह से बाइक से घर लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि अज्ञात वाहन का पहिया मनीष के सिर से गुजर गया, जिससे उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दरोगा बलवीर सिंह अन्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
सूचना पाकर मृतक की पत्नी पारुल गंगवार सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मनीष अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में एक पुत्र प्रांशु और एक पुत्री काजल है।
दरोगा बलवीर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar