अयोध्या में 26 फरवरी को वृहद रोजगार मेला, 3000 से अधिक पदों पर भर्ती
-योगी आदित्यनाथ की मिशन रोजगार पहल को बल, 50+ कम्पनियां देंगी नौकरी का मौका -डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आईईटी परिसर में जॉब फेयर, निःशुल्क आवेदन की सुविधा -बैंकिंग से आईटी तक अवसरों की भरमार, 10वीं पास से स्नातक तक के युवाओं के लिए
रोजगार मेला


-योगी आदित्यनाथ की मिशन रोजगार पहल को बल, 50+ कम्पनियां देंगी नौकरी का मौका

-डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आईईटी परिसर में जॉब फेयर, निःशुल्क आवेदन की सुविधा

-बैंकिंग से आईटी तक अवसरों की भरमार, 10वीं पास से स्नातक तक के युवाओं के लिए सुनहरा मौका

-सेवायोजन विभाग की पहल, rojgaarsangam पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर पाएंगे इंटरव्यू मौका

अयोध्या, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार “मिशन रोजगार” के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में अयोध्या में 26 फरवरी को व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग आई.ई.टी. परिसर, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय - अयोध्या में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में 50 से अधिक नामचीन कम्पनियां भाग लेंगी और 3000 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मेले में एक्सिस बैंक, पेटीएम, टाटा ग्रुप, एलएंडटी, रिलायंस एनर्जी, अमेज़न, सुजलॉन, और ब्रिटानिया जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं। यह मेला 10वीं पास से लेकर स्नातक तक की शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए खुला है।

-- आवेदन प्रक्रिया निःशुल्क

रोजगार मेले में प्रवेश एवं आवेदन की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का “मिशन रोजगार” प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बेरोजगारी घटाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। इस आयोजन में सेवायोजन विभाग का विशेष सहयोग है। अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे आसानी से आवेदन कर अपनी पसंदीदा कम्पनियों में साक्षात्कार दे सकेंगे।

--कौशल आधारित अवसरों पर रहेगा जोर

यह मेला केवल नौकरी प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप अवसरों से जोड़ने का भी माध्यम बनेगा। इसमें बैंकिंग, आईटी, ऊर्जा, ई-कॉमर्स, और खाद्य उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों की कम्पनियां भाग ले रही हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार रोजगार चुनने का अवसर मिलेगा।

--सेवायोजन अधिकारी ने की युवाओं से अपील

सहायक निदेशक सेवायोजन देवब्रत कुमार ने बताया कि इस पहल से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि पलायन की समस्या भी कम होगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार द्वारा आयोजित ऐसे मेलों से अब तक लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल चुके हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय रहते rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करें और 26 फरवरी को आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में शामिल होकर अपने करियर को नई दिशा दें।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय