Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरपेटा रोड (असम), 20 फरवरी (हि.स.)। राज्य के बरपेटा रोड में आज दिनदहाड़े एक सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है। बदमाशों ने सेनको गोल्ड के शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 12 करोड़ के आभूषण तथा नकदी लूट लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के बीचों-बीच मौजूद सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में पांच लोगों का एक गैंग ग्राहक बनकर घुसा। मास्क पहने और हिंदी में बातचीत करने वाले कुछ युवकों ने पहले शोरूम के सीसीटीवी कैमरों का कनेक्शन काट दिया और फिर वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपितों के पास पिस्टल थीं और उन्होंने कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। लुटेरों ने कर्मचारियों को धमकी दी और हाथ-पैर बांधकर पिस्तौल दिखाते हुए करीब आधे घंटे तक सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट लिए। कहा जा रहा है कि उन्होंने कुछ कर्मचारियों पर हमला भी किया और सीसीटीवी खराब कर दिए, फिर सोने और हीरे के गहने लेकर मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश