Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत संचालित ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ ने एक बार फिर जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिक के लिए संजीवनी का कार्य किया है। जिला कोरबा के करतला तहसील अंतर्गत ग्राम मड़वारानी निवासी 70 वर्षीय शंकर लाल को योजना के तहत लगभग एक लाख 27 हजार 930 रुपये का उपचार पूरी तरह निशुल्क प्राप्त हुआ।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले शंकर लाल सीमित आय के कारण लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद नियमित इलाज नहीं करा पा रहे थे। हाल के दिनों में उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें कोरबा स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। चिकित्सकीय जांच में उनके फेफड़ों में संक्रमण पाया गया, जिसके लिए तत्काल उपचार आवश्यक था।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के खर्च को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसी दौरान उन्हें आयुष्मान वय वंदना कार्ड की जानकारी मिली। पात्रता की पुष्टि के बाद योजना के अंतर्गत उनका उपचार स्वीकृत हुआ और लगभग 1.27 लाख रुपये की पूरी राशि योजना से वहन की गई। सफल उपचार के बाद अब शंकर लाल स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
शंकर लाल ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें योजना की जानकारी न मिलती तो इलाज कराना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने अन्य जरूरतमंदों से भी योजना का लाभ लेने की अपील की।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए पंजीयन कराने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी नागरिक आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे। यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसेमंद सहारा बनकर नई आशा जगा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी