Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराया
रायपुर 01 नवंबर (हि.स.)। मैनपाट टाइटंस ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 गोल से पराजित कर लीग की पहली चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में खेला गया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के उद्घाटन संस्करण के फाइनल में आज मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी टाइटंस को 4-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने भाग लिया था।
मैनपाट टाइटन्स ने मैच की तेज शुरुआत की और शुरुआती मिनटों में कुछ मूव बनाए। उन्होंने शुरुआत में ही सर्कल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया, जो किसी भी टीम के लिए हमेशा एक अच्छा संकेत होता है। लेकिन काउंटर पर शाहरुख ने एक मौका दिया, जहां उनके शॉट को डिफेंडर ने रोक दिया।
मैनपाट टाइटन्स ने तीसरे क्वार्टर में रुख बदलने की कोशिश की, जब संदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन उनकी बढ़त देर तक नहीं रही। स्ट्राइकर्स ने भी पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। अंतिम समय में मैनपाट ने बेहतर टीमवर्क से दो गोल और दागे तथा स्कोर 4-2 कर लीग का पहला चैंपियंन बनने में कामयाब रही।
लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी गई। विजेता टीम मैनपाट टाइटंस को 11 लाख रुपये और उप विजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपये मिले। शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, आशीष तानी पूर्ति (13 गोल) को लीग का टॉप स्कोरर और हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। संदीप कुमार लीग के इमर्जिंग प्लेयर बने।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल