चलती स्कूटी में लगी आग, बुआ और भतीजे ने कूदकर बचायी जान
पलामू, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पाटन-नावाजयपुर-पदमा मुख्य मार्ग पर नावाजयपुर थाना क्षेत्र के नावाखास के चौहान चौक के पास शुक्रवार को चलती स्कूटी में अचानक आग लग गयी। घटना शाम की बतायी जाती है। स्कूटी पर जयपुर निवासी प्रवेश मेहता की बहन सीमा कुमा
जलती स्कूटी


पलामू, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पाटन-नावाजयपुर-पदमा मुख्य मार्ग पर नावाजयपुर थाना क्षेत्र के नावाखास के चौहान चौक के पास शुक्रवार को चलती स्कूटी में अचानक आग लग गयी। घटना शाम की बतायी जाती है। स्कूटी पर जयपुर निवासी प्रवेश मेहता की बहन सीमा कुमारी और उसके भतीजे नीतीश कुमार सवार थे। आग लगते ही बुआ और भतीजे ने स्कूटी छोड़कर किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी। इस घटना में स्कूटी पूरी तरह जल गयी। हालांकि, महिला को किसी तरह की चोट लगने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सीमा देवी मायके नावाजयपुर से अपने भतीजे के साथ ससुराल कांके जा रही थी। इसी दौरान नावाखास के चौहान चौके के पास अचानक स्कूटी में आग लग गयी। चलती स्कूटी से आग की लपटें उठती देख महिला घबरा गयी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए दोनों ने तत्काल स्कूटी छोड़ दी और वहां से दूर भागकर अपनी जान बचायी। देखते ही देखते आग ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी सीमा देवी के भाई प्रवेश मेहता की बतायी गयी है।

घटना के बाद सड़क पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। अचानक चलती स्कूटी में आग लगने से कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।

घटना की सूचना मिलने पर नावाजयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जली हुई स्कूटी के अवशेष को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। स्कूटी में आग लगने के वास्तविक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार