Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 23 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से आयोजित 34 वीं पद्माबाई रूंगटा अंतर-जिला गणित प्रतियोगिता का दायरा इस वर्ष बढ़ाया जा रहा है। अब चाईबासा के साथ जमशेदपुर में भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक एस. आर. रूंगटा ग्रुप के मुकुंद रूंगटा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार और छात्रवृत्ति की कुल राशि 14 हजार रुपये से बढ़ाकर 46,500 रुपये कर दी है।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के सदस्यों ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें प्रतियोगिता का बैनर भेंट किया गया। उपायुक्त ने बैनर का लोकार्पण करते हुए आयोजन के प्रति शुभकामनाएं दीं। साथ ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
जमशेदपुर में परीक्षा केंद्र शुरू होने से शहर के विद्यार्थियों को भी इस अंतर-जिला प्रतियोगिता में अपनी गणितीय प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहां परीक्षा के संचालन में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट सहयोग करेगा। आयोजकों का मानना है कि प्रतियोगिता का विस्तार होने से अधिक संख्या में विद्यार्थी इसमें भाग ले सकेंगे और उनमें गणित के प्रति रुचि विकसित होगी।
प्रतियोगिता के पुरस्कारों में इस वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। नई व्यवस्था के तहत ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 7,500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्गों में छात्रवृत्ति का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस प्रकार कुल पुरस्कार राशि 46,500 रुपये निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक