Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मदन महल-दमोह नाका फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे दो इलेक्ट्रिक कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। मदनमहल रोटरी के पास हुए हादसे में टाटा नेक्सॉन और टाटा कर्व के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के दौरान दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे सवारों को गंभीर चोटों से बचाने में मदद मिली।
मदनमहल पुलिस के मुताबिक, रानीताल की ओर जा रही एमपी 20 एक्सई 3411 और एमपी 20 जेडवाई 0373 नंबर की कारें आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों कारों में सवार लोग घायल हुए हैं। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक