Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को दतिया ग्राम स्थित गांधी चौक में नगर पंचायत खूंटी की ओर से समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, वार्ड पार्षदों और ग्रामीणों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लोगों ने बापू के आदर्शों को अपनाने और स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पौधरोपण किया। इसके बाद नगर पंचायत के सेग्रिगेशन कचरा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जो स्वतंत्र होने के साथ स्वच्छ और विकसित भी हो। स्वच्छता केवल प्रशासन या नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घर के साथ सड़क, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने कहा कि महीने में कम से कम एक दिन सामूहिक श्रमदान और साफ-सफाई का अभियान चलाकर स्वच्छता को नियमित गतिविधि का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और आसपास से प्लास्टिक कचरा हटाने की भी अपील की।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और खुशहाल समाज की बुनियाद है। प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर नजारत उप समाहर्ता कोमल कुमारी, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सृष्टि मिंज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अमित कुमार केशरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा