Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


——छाया, पेयजल, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश,भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने भी परखी तैयारियां
वाराणसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को वाराणसी दौरे पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनसभा को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ भाजपा संगठन भी सक्रिय है।
मंगलवार शाम प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सभा स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए छाया, पेयजल और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि जनसभा में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने वाहनों की पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था सुचारु रखने को भी कहा, जिससे सभा स्थल के आसपास यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार सहित मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
——भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने भी परखी तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को लेकर भाजपा संगठन भी तैयारियों में जुटा है। मंगलवार को भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय स्थित सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
अशोक चौरसिया ने आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं को सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा सम्मेलन में आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और अन्य लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आठ विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए बनाई जा रही अलग-अलग दीर्घाओं की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा महिलाओं, प्रबुद्धजनों और मीडिया कर्मियों के लिए निर्धारित स्थानों की व्यवस्थाएं भी देखीं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र अध्यक्ष ने मंच की तैयारी, ध्वनि व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और कार्यकर्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है।
इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अजीत रावत, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा और अनिल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी