Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंगलवार को लोक भवन में ‘सेवा, समर्पण और नवाचार के पांच वर्ष’ शीर्षक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर की ओर से तैयार इस पुस्तक में राज्यपाल के पांच वर्ष के कार्यकाल, प्रमुख पहलों और उपलब्धियों को चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
राज्यपाल ने 15 सितंबर, 2026 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पांच वर्ष पूरे किए हैं। पुस्तक में उनके विचारों, विभिन्न मिशनों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं आधुनिक तकनीक, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक केवल पांच वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों का संकलन नहीं, बल्कि सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, नए विचारों और जनहित में किए गए प्रयासों का दस्तावेज है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक में प्रस्तुत पहलें प्रदेश में नवाचार, जनभागीदारी और विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगी।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में पांच वर्ष का सफर उनके लिए सेवा, सीखने और प्रदेश के लोगों से जुड़ने की प्रेरणादायक यात्रा रहा है। देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि लोक भवन जनभावनाओं से जुड़कर जनकल्याण, नवाचार और विकास के नए विचारों को आगे बढ़ाने का केंद्र बने।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने लोक भवन में हाल ही में आयोजित सूचना का अधिकार विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय