Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन कार्यालय में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता महापौर संजूदेवी राजपूत ने की। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की चाबियां वितरित की गईं।
शिविर को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि, ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प एवं सेवा सेतु अभियान के तहत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि, नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शहर के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि योजना, वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, मुख्यमंत्री सियान सहायता योजना और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने दर्री जोन कार्यालय में पार्षद कक्ष सह मीटिंग हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि और निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी