Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। रांची नगर निगम के सफाई मजदूरों की 15 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित हड़ताल को आदिवासी अधिकार मंच, झारखंड ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। मंच ने नगर निगम प्रशासन से मजदूरों के साथ हुए लिखित समझौते को अविलंब लागू करने की मांग की है। मंच की ओर से अध्यक्ष प्रफुल्ल लिंडा और राज्य संयोजक सुखनाथ लोहरा ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि झारखंड राज्य नगर निकाय मजदूर यूनियन ने उप श्रमायुक्त, रांची की उपस्थिति में नगर निगम के पदाधिकारियों और यूनियन के बीच हुए लिखित समझौते को लागू कराने के लिए हड़ताल का आह्वान किया है।
मंच ने इसे मजदूरों के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए उनकी मांगों का समर्थन किया है। प्रफुल्ल लिंडा ने चेतावनी दी है कि यदि हड़ताल में शामिल मजदूरों को सुपरवाइजरों या अधिकारियों की ओर से प्रताड़ित किया गया, तो इसका विरोध किया जाएगा।
मंच ने अन्य आदिवासी संगठनों के साथ मजदूरों के समर्थन में खड़े रहने की बात कही है। आदिवासी अधिकार मंच का आरोप है कि रांची नगर निगम में सफाई मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। मंच के अनुसार, इन मजदूरों में बड़ी संख्या आदिवासी समुदाय के लोगों की है। मजदूरों को हड़ताल के लिए विवश होना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar