Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने और शहरी क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आरसीएच परिसर, नामकुम में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर राज्य शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ मुकेश मिश्रा ने बताया कि बैठक में राज्य के शहरी वार्डों को टीबी मुक्त बनाने के लिए विशेष स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान तय किया गया कि राज्य के सभी संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और मदर टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ क्लीनिक में विशेष रूप से टीबी स्क्रीनिंग सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके माध्यम से टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करने, समय पर जांच सुनिश्चित करने और लोगों को बीमारी के लक्षणों, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम और राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर अभियान को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाएगा।
बैठक में राज्य शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ मुकेश मिश्रा और राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ कमलेश कुमार सहित राज्य स्तर के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar