Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)।
दुर्गा पूजा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन और आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त करना सभी पूजा पंडाल समितियों के लिए अनिवार्य होगा। बिना सुरक्षा प्रमाण-पत्र किसी भी पंडाल को अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में बिजली, विधि-व्यवस्था, सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन और विसर्जन घाटों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बिजली संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित करने और प्रमुख पूजा पंडालों में बिजली कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी 24 घंटे कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिससे पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग के बीच समन्वय रहेगा।
वहीं उपायुक्त ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों में नशामुक्ति संबंधी फ्लेक्स लगाने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सफाई तथा स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने को कहा।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए घाटों की सफाई, पर्याप्त बल-संसाधन और एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती के निर्देश भी दिया गया।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar