Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। माता शबरी की पावन धरा और भगवान शिवरीनारायण की धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में 14 से 16 अक्टूबर तक तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि एवं दशहरा मेला के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
शिवरीनारायण स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल रहेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा कौशल्या विष्णुदेव साय अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, महंत रामसुंदर दास, प्रज्ञा भारती, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, संतोष लहरे, पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं लोकेश शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध शिवरीनारायण में आयोजित होने वाला यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने का अवसर बनेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT