Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग अब रियलिटी टीवी की दुनिया में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह चर्चित रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन की मेजबानी करेंगे। रणनीति, गठजोड़ और ताकत के खेल पर आधारित इस शो का नया प्रोमो 10 सितंबर को जारी किया गया, जिसमें वीरेंद्र सहवाग शो के रोमांच और ट्विस्ट की तुलना क्रिकेट मैच से करते नजर आए। उनका कहना है कि इस खेल में भी आखिरी पल तक यह अंदाजा लगाना मुश्किल होगा कि आगे क्या होने वाला है।
'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन में 15 चर्चित हस्तियां दो अलग-अलग समूहों में बंटी नजर आएंगी। एक तरफ 'शासक' होंगे, जिन्हें आलीशान पेंटहाउस में रहने की सुविधा मिलेगी, जबकि दूसरी तरफ 'मजदूर' होंगे, जिन्हें बेसमेंट में रहना होगा। शो में खिलाड़ियों की स्थिति उनके फैसलों, रणनीति और गठबंधनों के आधार पर बदलती रहेगी। पैसा और प्रभाव इस खेल में आगे बढ़ने और पीछे जाने का फैसला करेंगे।
बनिजय एशिया द्वारा तैयार किया गया यह शो ब्रिटेन के एक चर्चित प्रारूप पर आधारित है। दूसरे सीजन को प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर मुफ्त में देखा जा सकेगा। हालांकि, निर्माताओं ने अभी इसकी रिलीज तारीख की घोषणा नहीं की है। वीरेंद्र सहवाग के जुड़ने के बाद शो के नए सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे