Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शुक्रवार को लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व देते हुए गणेश चतुर्थी का त्योहार भक्ति भाव से मनाएं। उन्होंने जल प्रदूषण को रोकने में मदद के लिए पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश मूर्तियों को चुनने का आग्रह किया।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने त्योहार के दौरान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार उत्सव मनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
पर्यावरण-अनुकूल उत्सव को बढ़ावा देने की पहल के तहत, उन्होंने पत्नी जानकी शुक्ला के साथ हैदराबाद लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों को मिट्टी की इको-फ्रेंडली गणेश मूर्तियां वितरित कीं।
राज्यपाल ने पर्यावरण की रक्षा करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि त्योहार के बाद विसर्जन के दौरान मिट्टी की मूर्तियों का उपयोग जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से बनी मिट्टी की मूर्तियां पानी में प्राकृतिक रूप से घुल जाती हैं, जिससे जल स्रोतों पर मूर्ति विसर्जन के प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj