Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मालदा, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के कालियाचक क्षेत्र में गैस सिलेंडर विस्फोट की बड़ी घटना सामने आई है। खाना बनाते समय अचानक हुए इस विस्फोट में एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार रात कालियाचक के सुजापुर स्थित बालुपुर बागानपाड़ा गांव में हुई। घायलों की पहचान आखिरुल शेख, उनकी पत्नी अफसाना खातून और उनके तीन नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है। सभी को गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पांचों के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिलेंडर विस्फोट इतना तेज था कि पूरे इलाके में जोरदार धमाका सुनाई दिया और आसपास दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायलों को पहले सुजापुर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कालियाचक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार