Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 05 अगस्त (हि.स.)। हंटरगंज बाईपास परियोजना को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर सांसद कालीचरण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को पत्र सौंपकर परियोजना की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने और निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया।
सांसद ने कहा कि हंटरगंज बाईपास की स्वीकृति के बाद क्षेत्र की जनता में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। अब जानकारी मिल रही है कि इस परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित किया जा रहा है ताकि इसका निर्माण आधुनिक फोर-लेन बाईपास के रूप में किया जा सके। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि हंटरगंज बाजार से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े, मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसका खामियाजा विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को उठाना पड़ता है। ऐसे में बाईपास का शीघ्र निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
सांसद ने पत्र के माध्यम से परियोजना की डीपीआर, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों, भूमि अधिग्रहण की प्रगति और निर्माण कार्य शुरू होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बहुप्रतीक्षित हंटरगंज बाईपास का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाईपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने, व्यापार और रोजगार को प्रोत्साहन देने और चतरा लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी