Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सारण, 05 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के सचिव राजीव कुमार की अध्यक्षता में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जिला स्कूल के प्रांगण में बिजली बचाओ विषय पर निबंध प्रतियोगिता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता में छात्रों ने ऊर्जा बचत को देश के विकास व पर्यावरण सुरक्षा के लिए अनिवार्य बताते हुए अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए।
तत्पश्चात आयोजित जागरूकता शिविर में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक दौर में तेजी से बढ़ती बिजली की खपत को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी मांग है। बिजली की हर एक यूनिट की बचत पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक रोशनी व हवा का अधिकतम उपयोग करने, आवश्यकता न होने पर बिजली उपकरणों के स्विच बंद रखने तथा 5-स्टार रेटिंग वाले ऊर्जा-कुशल उपकरणों व एलईडी बल्बों के प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया।
इस आयोजन में डालसा सारण के भारतेन्दु त्रिपाठी, सूरज पाण्डेय, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार तिवारी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार