Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। तेलंगाना में सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), हैदराबाद ने 25 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हैदराबाद में 25 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम प्रेमी टी. बालाजी ने भी अपने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अनुमान जताया कि शहर में दोपहर से रात के बीच एक या दो बार व्यापक रूप से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, उत्तरी और पूर्वी तेलंगाना के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें आदिलाबाद, आसिफाबाद, मंचिरियाल, पेद्दापल्ली, जगतियाल, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री-कोठागुडेम, महबूबाबाद, निर्मल और निजामाबाद शामिल हैं।
तेलंगाना विकास योजना समिति के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दिन कुमारम भीम जिले में सबसे अधिक 66 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, हैदराबाद के शेकपेट में 43.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और मौसम की स्थिति के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। तेज बारिश के दौरान जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj