Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के हड़ौरा गांव में गुरुवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के भाई ने हत्या का आरोप उस युवक पर लगाया है जिसके साथ उसकी बहन रह रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। उसके भाई अतरी गोल्हनपुर निवासी श्यामसुंदर ने आरोप लगाया कि आरती पिछले करीब एक वर्ष से हड़ौरा गांव निवासी ओमप्रकाश बिंद के साथ रह रही थी। आराेप है कि बुधवार की रात ओमप्रकाश ने आरती के साथ मारपीट की। इसके बाद वह उसे उपचार के लिए वाराणसी ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। बाद में वह निजी एंबुलेंस से शव लेकर हड़ौरा गांव पहुंचा और मौके से फरार हो गया।
मृतका के भाई ने बताया कि आरती की पहली शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते वह मायके लौट आई थी। बाद में उसकी दूसरी शादी भी हुई, किंतु वहां से भी वह वापस मायके आ गई। लगभग एक वर्ष पूर्व वह ओमप्रकाश बिंद के साथ रहने लगी थी। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि शव के मुंह, नाक और कान से खून निकल रहा था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। आरती अपने पीछे तीन वर्ष की एक पुत्री छोड़ गई है, जो वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रही है।
थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो सकेंगे और उसी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा