Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सीआईए की टीम ने पुलिस थाना डमटाल क्षेत्र में 274 ग्राम चिट्टा की बड़ी खेप पकड़कर अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीआईए स्टाफ, पुलिस जिला नूरपुर की टीम नियमित गश्त एवं मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अमृतसर पंजाब से एक स्विफ्ट कार (पीबी06यू-7122) में सवार तीन व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन लेकर भदरोआ, कंडवाल एवं आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करने आ रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार भदरोआ के समीप वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीछे की सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के कब्जे में मौजूद काले रंग के स्लिंग बैग से 274 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई, जिसे मौके पर विधिवत जब्त किया गया। साथ ही उक्त वाहन को भी कब्जे में लिया गया।
इस संबंध में थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुनाल अरोड़ा (31 वर्ष) निवासी अमृतसर, पंजाब, हैरी (26 वर्ष) निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब तथा मोहित कुमार (37 वर्ष) निवासी अमृतसर, पंजाब शामिल हैं।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसे किन व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया