Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम मेदिनीपुर, 03 जून (हि. स.)। जिले की सबंग थाना पुलिस ने दसवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपित और स्कूल के पीटी शिक्षक प्रसून बेरा को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस अब तक दो नाबालिगों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से ही आरोपित शिक्षक लगातार फरार चल रहा था। बुधवार दोपहर पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन ट्रैक कर नारायणगढ़ थाना इलाके से उसे धर दबोचा। आरोपित शिक्षक को गुरुवार को पॉक्सो (पॉक्सो) अदालत में पेश किया जाएगा।
कॉल रिकॉर्ड के जरिए पकड़ा गया आरोपित शिक्षक पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) पापिया सुल्ताना ने एक पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए कहा कि इस घृणास्पद घटना में संलिप्त दो नाबालिगों समेत छह आरोपितों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपित शिक्षक पुलिस को चकमा देकर भागा-भागा फिर रहा था। बुधवार को कॉल डिटेल्स और टावर लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसपी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जहां शिक्षक के पास छात्र-छात्राएं सबसे सुरक्षित महसूस करते हैं, वहां ऐसी हरकत बेहद निंदनीय है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा ने गत 12 मई को सबंग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 11 मई की दोपहर जब वह ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, तभी रास्ते में पांच-छः छात्रों ने उसे घेर लिया और उसके साथ छेड़छाड़ व बदसलूकी की। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद उन छात्रों ने पीड़िता से कहा कि उनके पीटी शिक्षक (प्रसून बेरा) ने उन्हें सिर्फ इतना ही (छेड़छाड़) करने को कहा था, इसलिए वे अब जा रहे हैं।
इस घटना से बुरी तरह सहमी और डरी-सहमी छात्रा ने घर लौटकर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने सबंग थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता