Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग की घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में जनहानि बेहद दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से 2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि वे मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग से मैं अत्यंत व्यथित हैं। पुलिस, नागरिक और अग्निशमन दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से बात की है और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता, राहत कार्य और इस दुखद घटना की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख जताते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, सीएटीएस एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमें तुरंत सक्रिय हुईं और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। त्वरित कार्यवाही से प्रभावित परिसरों से कई लोगों को बचाने और सुरक्षित निकालने में मदद मिली। दिल्ली सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है। प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और समर्थन प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हम इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट और उससे जुड़े हिस्सों में मौजूद कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस), दिल्ली पुलिस, पीसीआर और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अबतक 40 लोगों को बचाया गया है और घायलों तथा मृतकों का आंकड़ा स्पष्ट नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा