Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 14 जून (हि. स.)। राजधानी देहरादून में बढ़ती गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के बीच गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) में पर्यटकों की भी उमड़ रही है। पहाड़ियों और प्राकृतिक गुफाओं के बीच इस पर्यटक स्थल में बहते ठंडे पानी का पर्यटक आनंद ले रहे हैं।
गर्मी की छुट्टियों के दौरान उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से आए पर्यटक गुचुपानी की प्राकृतिक सुंदरता, ठंडे जलधाराओं और शांत वातावरण का भरपूर आनंद ले रहे हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते क्षेत्र में विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है।
पर्यटकों की भीड़ से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। खाने-पीने की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंच रहा है।
गुचुपानी में कई पर्यटक ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरे में कैद करने में भी रुचि ले रहे हैं।
पटियाला से आए पर्यटक जतिन ने बताया कि वह दूसरी बार देहरादून आए हैं, लेकिन पहली बार अपने परिवार के साथ गुचुपानी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गुचुपानी को पहले केवल वीडियो में देखा था, लेकिन यहां आकर इसकी प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक वातावरण ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।
पर्यटक गुचुपानी की स्वच्छता, प्राकृतिक सौंदर्य और सुलभ पर्यटन सुविधाओं की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं। ठंडा और स्वच्छ जल, प्राकृतिक गुफाएं तथा मनोरम वातावरण इन दिनों गुचुपानी को देहरादून के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल कर रहा है। सहस्त्रधारा के बाद गुचुपानी पर्यटकों की प्रमुख पसंद के रूप में उभर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय