Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर में होली के दौरान हुई हत्या के मामले में द्वारका कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट में 18 लोगों को आरोपित बनाया है। कोर्ट ने इस मामले के शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 11 मई को होगी।
इस मामले में दो आरोपित अभी फरार हैं, जबकि दो नाबालिग आरोपितों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में अलग से केस चलेगा। करीब पांच सौ पन्नों की चार्जशीट में हत्या, गैरकानूनी भीड़ का हिस्सा होना, दंगा करने, अनाधिकृत रुप से प्रवेश करने और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों के तहत आरोप लगाया गया है। अब इस मामले की सुनवाई द्वारका कोर्ट के एससी-एसटी कोर्ट में होगी।
दरअसल, चार मार्च को होली के दौरान तरुण भुटौलिया नामक 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक तरुण के परिवार की एक नाबालिग लड़की ने 4 मार्च को पानी भरा बैलून एक महिला पर फेंका, जिसके बाद महिला के रिश्तेदारों ने तरुण भुटौलिया पर डंडों से हमला किया, जिससे वो घायल हो गया। इसके बाद तरुण की अगले दिन मौत हो गई। इस मामले में आरोपित मुस्लिम समुदाय का है, जिसकी वजह से इसे सांप्रदायिक रंग दिया गया था। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से कोई दुश्मनी नहीं थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में करीब 50 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इसके पहले दिल्ली नगर निगम ने इस मामले के एक आरोपित की संपत्ति के कथित रुप से अनधिकृत हिस्से को ध्वस्त कर दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार/संजय--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह