Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़, 06 मई (हि.स.)। महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर महिला के पति से मारपीट करने वाले दो आरोपिताें को पुलिस ने आज बुधवार काे गिरफ्तार कर लिया है। रायगढ़ के थाना कोतरारोड में महिला ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ और पति के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, महिला की शिकायत पर आरोपिताें के विरुद्ध अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 75(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
महिला ने बताया कि 3 मई को वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से वापस रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास मोटरसाइकिल खराब हो जाने पर दोनों पैदल आ रहे थे। ग्राम कुसमुरा तालाब के पास महिला शौच के लिए गई थी, तभी कार से पहुंचे दो व्यक्तियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के पति द्वारा विरोध करने पर आरोपिताें ने गाली-गलौज कर मारपीट की तथा पुलिस बुलाने की बात कहने पर धमकी दी। महिला ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपिताें की मोबाइल से फोटो खींच ली और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद आरोपिताें की पहचान चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों आरोपिताें के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित चैतन्य राणा ने अपने साथी के साथ घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार, चाबी एवं मूल आरसी कार्ड जब्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान