Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने और जनादेश की चोरी करने का आरोप लगाया।
पवन खेड़ा ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा ने चुनावी संस्थाओं को अपने नियंत्रण में लेकर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में विशेष पुनरीक्षण के दौरान 91 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और 27 लाख नागरिकों को सुनवाई का अधिकार तक नहीं दिया गया। कई सीटों पर हटाए गए मतदाताओं की संख्या जीत के अंतर से अधिक रही।
खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह कोई अलग घटना नहीं है बल्कि भाजपा का सुनियोजित चुनावी खेल है, जिसे मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, बिहार और 2024 लोकसभा चुनावों में भी अपनाया गया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6,018 फर्जी आवेदन देकर मतदाता नाम हटाए गए, जिनमें से केवल 24 सही थे। वहीं हरियाणा में एक ही महिला की तस्वीर 223 बार अलग-अलग बूथों पर इस्तेमाल की गई।
खेड़ा ने कहा कि महाराष्ट्र में पांच माह के भीतर 40 लाख नए मतदाता जोड़े गए जबकि 2019 से 2024 तक पूरे पांच साल में केवल 32 लाख मतदाता जुड़े थे। मतदान प्रतिशत भी रहस्यमय तरीके से बढ़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब विपक्ष को खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों, फर्जी मामलों और मतदाता सूची में हेरफेर जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर