बेटे-बहू पर मां की हत्या का आरोप, साड़ी से गला दबाकर मारने की बात आई सामने
सीवान, 17 मई (हि.स.)। जिले के आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कथित रूप से अपनी ही मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के
पूछताछ करती एसडीपीओ


सीवान, 17 मई (हि.स.)। जिले के आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कथित रूप से अपनी ही मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान हसनपुरवा गांव निवासी पनपती देवी के रूप में हुई है, जो कन्हैया यादव की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मृतका के पति को सुबह में हुई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरी कुमारी सदर अस्पताल पहुंचीं और मृतका के पति कन्हैया यादव से मामले की जानकारी ली।

मृतका के पति कन्हैया यादव ने आरोप लगाया कि लगभग एक माह पूर्व उसकी पत्नी और पतोहू रिंकू देवी के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद उसका पुत्र, जो विदेश में काम करता था, फोन पर उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दिया था।

कन्हैया यादव ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसका पुत्र बबलू यादव विदेश से गांव आया था। आरोप है कि बेटे और बहू ने मिलकर पनपती देवी की साड़ी से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

कन्हैया यादव ने यह भी बताया कि उसने घटना की आशंका को लेकर 11 मई को ही थाने में आवेदन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र बबलू यादव एवं पतोहू रिंकू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं लोग इस निर्मम वारदात को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma