Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कलेक्टर संदीप जीआर ने बुधवार को महिला बाल विकास विभाग की बिंदुवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले के सभी 2633 आंगनवाड़ी केंद्रों पर एक सप्ताह के भीतर बिजली और पानी का कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश पीएचई और विद्युत विभाग को दिए गए हैं।
कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा कि महिला बाल विकास अधिकारी व्यक्तिगत रूप से एक-एक आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लेंगे और वहां सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुबह 8:30 बजे तक केंद्र पर उपस्थित होने और सुपरवाइजरों को रोस्टर बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बच्चों के भोजन और नाश्ते में पर्याप्त अंतराल रखने, 6 माह से 6 वर्ष के बच्चों का विशेष टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण करने और कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन लक्ष्य बनाकर बच्चों के विकास और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए सेमिनार आयोजित करेगा। केंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर बच्चों के आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र और अपार आईडी बनाई जाएगी। किराये के भवनों में संचालित केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं न होने पर उन्हें तत्काल शिफ्ट करने और निर्माणाधीन केंद्रों की गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे