Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायपुर 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सोमवार को सुकमा और रायपुर में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दिनभर के दौरे में वे स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और उद्योग से जुड़े कई परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री सायआज 11.30 बजे सुकमा के लिए रवाना होंगे, यहां वे अटल आरोग्य लैब का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे जिला पुनर्वास केंद्र, साइंस पार्क और इमली प्रसंस्करण केंद्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साइंस पार्क में वीआर लैब और एसटीईएम लैब का उद्घाटन करने के साथ ही नालंदा परिसर भवन निर्माण का भूमिपूजन भी करेंगे। वहीं, इमली प्रसंस्करण यूनिट का शुभारंभ कर स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे मिनी स्टेडियम सुकमा में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
सुकमा दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:35 बजे नवा रायपुर लौटेंगे और आईआईटी नवा रायपुर में आयोजित मेरा भारत बजट क्वेस्ट 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5:45 बजे रायपुर के लभाण्डी क्षेत्र में पटनी टोयोटा के ग्रैंड लॉन्च कार्यक्रम में भाग लेंगे। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल