Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मैदुगुरी, 12 अप्रैल (हि.स.)। नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी योबे राज्य में एक हवाई हमले के बाद बड़े पैमाने पर जनहानि की खबर सामने आई है। स्थानीय अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के एक बाजार पर हुए हमले में करीब 200 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
यह हमला उस समय हुआ जब नाइजीरियाई सेना के लड़ाकू विमान इस्लामिक चरमपंथी संगठन बोको हराम के आतंकियों का पीछा कर रहे थे। हालांकि, नाइजीरिया की वायुसेना ने अपने बयान में कहा कि उसने बोर्नो राज्य के जिली क्षेत्र में आतंकियों को निशाना बनाया, लेकिन बाजार पर हमले का कोई उल्लेख नहीं किया।
वहीं, पड़ोसी योबे राज्य सरकार ने स्वीकार किया कि हमले का असर उस इलाके के पास स्थित बाजार पर पड़ा, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सैन्य सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल दाहिरू अब्दुलसलाम ने बताया कि जिली साप्ताहिक बाजार में आए कई लोग इस हमले की चपेट में आ गए।
यह घटना बोर्नो और योबे की सीमा के पास हुई, जो लंबे समय से उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र है। यहां वर्षों से जारी हिंसा में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं।
स्थानीय पार्षद और समुदाय के प्रमुख लावन जन्ना नूर गीदम ने दावा किया कि इस हमले में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को योबे और बोर्नो के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
योबे स्टेट इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (एसईएमए) ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट में बाजार में मौजूद लोगों के हताहत होने की सूचना मिली है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान अफरा-तफरी मच गई। एक घायल व्यक्ति ने बताया कि धमाके के बाद लोग जान बचाने के लिए भागने लगे और कई लोग जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे।
इस घटना ने एक बार फिर सैन्य अभियानों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय