Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आबू धाबी, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बीते चार दिनों से जारी युद्ध के बीच मंगलवार को तनाव और चरम पर पहुंच गया है, ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर भारी मात्रा में मिसाइलें और ड्रोन हमले के रूप में दागे। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने शुरू से अब तक कुल 174 बैलिस्टिक मिसाइलें और 689 ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए हैं, जबकि कुछ मिसाइलें समुद्र में गिरीं और कुछ ड्रोन देश की सीमा के अंदर गिरे हैं।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की एयर डिफेंस सिस्टम ने 161 बैलिस्टिक मिसाइलों, 8 क्रूज मिसाइलों और 645 ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया, जबकि शेष कुछ उपकरण बिना बड़ी क्षति पहुंचाए समुद्र या जमीन पर गिरे।
हालांकि अधिकांश मिसाइलें डिफेंस सिस्टम द्वारा रोक ली गईं, लेकिन दुबई के पाम जुमैराह, बुर्ज अल अरब और आबू धाबी के कुछ औद्योगिक क्षेत्रों में गिरते टुकड़ों के कारण आग और मामूली नुकसान की खबरें मिली हैं।
यूएई अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मिसाइल‑ड्रोन हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं, जिनमें एक पाकिस्तानी, एक नेपाली और एक बांग्लादेशी नागरिक थे। इसके अलावा देशभर में लगभग 58 लोग घायल हुए हैं, जिसमें भारतीय सहित कई अन्य देश के लोग भी शामिल हैं। घायलों में ज्यादातर मामूली चोटें शामिल हैं और अनेक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूएई के रक्षा एवं विदेश मंत्रालयों ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे “राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन” तथा “अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला अपमान” बताया है। वहीं, बढ़ते हुए तनाव के बीच यूएई ने तेहरान में अपनी दूतावास को बंद कर दिया और अपने राजनयिक कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।
ये हमले ईरान पर अमेरिका तथा इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के दाैरान किया गया हैं, जिसमें ईरान ने “प्रतिशोध” में मिसाइलों और ड्रोन के से खाड़ी के करीब के देशों के हवाई ठिकानों और रणनीतिक लक्ष्यों पर निशाना बनाया।
इस दौरान खाड़ी के अन्य देशों सहित कतर, बहरीन और कुवैत से भी मिसाइलों और ड्रोन हमलों की खबरें आ रही हैं। इस कारण कई एयरपोर्ट और वाणिज्यिक गतिविधियां प्रभावित हाे रही हैं और कई हवाई मार्ग समायोजित या अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।
यूएई सरकार ने जनता से संयम बरतने, आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा रखने और अफवाहों से बचने का आग्रह किया है। अधिकारियों का कहना है कि देश में सुरक्षा की स्थिति नियंत्रण में है और सभी सतर्कता बढ़ाई जा चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी