Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- मप्र के मुख्यमंत्री ने देखी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की एक शताब्दी की सेवा यात्रा पर निर्मित फिल्म शतक, कहा- सभी नागरिक देखें
भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के इतिहास के अध्ययन और अतीत से अवगत होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवाक संघ के संस्थापकों और पदाधिकारियों ने राष्ट्र सर्वोपरि के भाव को सशक्त बनाने और भविष्य को बेहतर बनाने की कल्पना कर ली थी। संघ के माध्यम से बाहरी शक्तियों के कृत्यों के विरुद्ध मजबूती से मुहीम चलाई गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम को भोपाल के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गठन 1925 से लेकर पूर्ण हुई एक शताब्दी की सेवा और समर्पण भरी यात्रा पर केंद्रित फिल्म शतक : संघ के 100 वर्ष देखने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने विधायक रामेश्वर शर्मा, राहुल कोठारी, रविंद्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ फिल्म देखी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र निर्माण के लिए संकल्पबद्ध प्रत्येक नागरिक को फिल्म शतक: संघ के 100 वर्ष देखना चाहिए। यह एक प्रेरक फिल्म है जो राष्ट्र के लिए कर्म प्रधान भूमिका का आहवान करती है।
उन्होंने कहा कि फिल्म शतक को मध्य प्रदेश शासन द्वारा टैक्स फ्री घोषित किया गया है। फिल्म का कथानक, समाजोपयोगी संदेश और सांस्कृतिक उत्थान के महत्व को रेखांकित करने के कारण प्रदेश में फिल्म शतक : संघ के 100 वर्ष कर मुक्त रहेगी।
फिल्म शतक के निर्देशक आशीष मल्ल हैं। फिल्म की विशेषता यह भी है कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत ग्राफिक्स का उपयोग कर स्वातंत्र्य वीर सावरकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व पर्दे पर जीवंत किए गए हैं। फिल्म में अभिनेता अजय देवगन ने स्वर दिया है। फिल्म निर्माता वीर कपूर हैं। फिल्म के महत्व को देखते हुए मध्य प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ और राजस्थान राज्य सरकारों ने भी इसे टैक्स फ्री कर दिया है ताकि अधिक से अधिक युवा इसे देख सकें।
मध्य प्रदेश में फिल्म शतक हुई टैक्स फ्री, आदेश जारी
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गठन 1925 से लेकर पूर्ण हुई एक शताब्दी की सेवा और समर्पण भरी यात्रा पर केंद्रित फिल्म शतक : संघ के 100 वर्ष मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री हो गई है। इस संबंध में वाणिज्यिक कर विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि फिल्म शतक को कथानक, समाज उपयोगी गुणों तथा सांस्कृतिक उत्थान के दृष्टिगत मध्य प्रदेश में प्रदर्शन की अवधि 03 मार्च 2026 से एक अप्रैल 2026 तक के लिए मध्य प्रदेश माल और सेवा कर अधिनियम, 2017 के अधीन राज्य माल और सेवा कर (एसजीएसटी) के समतुल्य राशि की प्रतिपूर्ति करते हुए सिने दर्शकों को उक्त राशि की छूट प्रदान की गई है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर