Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


बोकारो, 03 मार्च (हि.स.)। शहर के सीवनडीह बाजार इलाके में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक टेंट हाउस में भीषण आग लगने के बाद गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके होने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर से जोरदार विस्फोटों से पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की सैकड़ों दुकानों और घरों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक संबंधित टेंट हाउस में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग का काम किया जाता था। आशंका जताई जा रही है कि रिफिलिंग के दौरान एक सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक के बाद एक कई सिलेंडर फटते गए, जिससे आग और भी भयावह हो गई।घटना उस समय हुई जब बाजार में रोजा खोलने के बाद लोग इफ्तार की तैयारी में जुटे थे। अचानक हुए धमाकों से लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सीवनडीह बाजार घनी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां सैकड़ों दुकानें सटी हुई हैं, जिससे आग के तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया।
आग की लपटों ने आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया था । लेकिन सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। दमकल विभाग की छह गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में आग बुझाने के क्रम में एक आदमी की घायल होने की सूचना है। घायल व्यक्ति खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अवैध सिलेंडर रिफिलिंग के पहलू को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार