Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जयपुर, 03 मार्च (हि.स.)। राजधानी जयपुर समेत प्रदेशभर में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विदेशी सैलानियों के लिए राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से जयपुर स्थित खासा कोठी में होली (धुलंडी) फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया गया। इस आयोजन में करीब 25 से 30 देशों के 3500 से 4000 विदेशी पर्यटकों ने भाग लेकर होली का लुत्फ उठाया।
फिल्मी और राजस्थानी गीतों की धुनों पर विदेशी सैलानी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए सैलानियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया। पूरा परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया। पर्यटकों ने दाल के पकोड़े, ठंडाई सहित पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लिया और राजस्थान की संस्कृति व आतिथ्य की जमकर सराहना की।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि होली ऐसा अनूठा पर्व है, जिसका इंतजार विदेशी पर्यटक भी करते हैं। खासा कोठी में आयोजित इस फेस्टिवल में ट्रैवल एजेंट और टूरिस्ट गाइड के सहयोग से बड़ी संख्या में सैलानी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और एक पर्यटक के आगमन से करीब 13 लोगों को रोजगार मिलता है। आने वाले दिनों में गणगौर पर्व पर भी बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों के आने की संभावना है।
फेस्टिवल में कालबेलिया, मयूर, कच्ची घोड़ी नृत्य और लंगा-मांगणियार कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर पर्यटक जमकर झूमे और राजस्थानी होली गीतों का आनंद लिया।
इधर होली पर किसी भी प्रकार की हुड़दंग की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव पचार ने बताया कि प्रदेशभर में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में वर्दीधारी और सादा वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। इसके अलावा जयपुर में 11 एडिशनल एसपी, 45 एसीपी, 80 थानाधिकारी और 1500 हेड कांस्टेबल-कांस्टेबल के साथ आरएसी की पांच कंपनियां तैनात रहीं। साथ ही अभय कमांड सेंटर के जरिए शहर की सड़कों पर नजर रखी गई तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश