Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चेन्नई, 18 जुलाई (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को तमिलनाडु दिवस के अवसर इसे तमिल भाषी इतिहास का अनूठा दिन बताते हुए कहा कि इसने 'तमिलनाडु' नाम अपनाने के साथ राज्य की पहचान को आधिकारिक रूप से मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा करते हुए तमिलनाडु दिवस की तारीख के एतिहासिक महत्व पर जोर दिया।उन्होंने 18 जुलाई, 1967 को तमिल भाषी दुनिया के इतिहास का अनूठा दिन बताते हुए कहा कि इसने 'तमिलनाडु' नाम अपनाने के साथ राज्य की पहचान के परिवर्तन को आधिकारिक रूप से मजबूत किया। इस दिन ने एक लंबे समय से संजोए सपने को पूरा किया।
उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री पेरियारिगनार अन्ना (सी.एन. अन्नादुरई) को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने विधानसभा में तीन बार तमिलनाडु का उद्घोष किया था।
उल्लेखनीय है कि राज्य का गठन मूल रूप से 1 नवंबर, 1956 को मद्रास के रूप में हुआ था। मद्रास राज्य से तमिलनाडु में आधिकारिक नामकरण 18 जुलाई, 1967 को हुआ था। जिसके बाद पहली डीएमके सरकार द्वारा एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे संसद द्वारा अनुमोदित किया गया था। राज्य की मौजूदा डीएमके सरकार ने साल 2022 में आधिकारिक तौर पर 18 जुलाई को तमिलनाडु दिवस घोषित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ आर बी चौधरी