Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया
प्रयागराज, 09 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल का जन्मदिन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर राजकीय बाल सुधार गृह में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर वहां रह रहे बच्चों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
जिलाध्यक्ष लालू मित्तल ने बताया कि संगठन प्रत्येक वर्ष गरीबों, अनाथालयों, पुष्पाश्रमों एवं कुष्ठ आश्रमों में सेवा कार्य करता रहा है। इस वर्ष बाल सुधार गृह में बच्चों को हस्तकला, पेंटिंग तथा लकड़ी से उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि यहां से निकलने के बाद बच्चे अपनी योग्यता और परिश्रम के बल पर सम्मानजनक जीवन जी सकें तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें, यही इस पहल का उद्देश्य है।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बच्चों को फल, बिस्कुट एवं उपहार वितरित किए गए। महिला जिलाध्यक्ष रत्ना जायसवाल ने कहा कि परिस्थितिवश अपराध की श्रेणी में आए इन बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
गंगापार जिलाध्यक्ष राजेंद्र केशरवानी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। क्षेत्रीय प्रभारी विपिन गुप्ता ने बच्चों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक क्राफ्ट एवं हस्तकला सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बच्चों के लिए उपहार भेजे, जबकि महानगर अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल ने इस कार्यक्रम को समाज के लिए प्रेरणादायी एवं अनूठी पहल बताया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने तथा शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में सुधा त्रिपाठी, मीनू गुप्ता, उषा केसरवानी, रूबी केसरवानी, श्वेता मित्तल, शिवानी जायसवाल, उमाशंकर केसरी, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल