आरएसएस का भव्य पथ संचलन, पुष्पवर्षा कर नागरिकों ने किया स्वागत
आरएसएस के भव्य पथ संचलन में स्वयंसेवकों ने अनुशासन और संगठन शक्ति का प्रदर्शन किया, मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
पथ संचलन के दौरान कदमताल करते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों का नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।


बरेली, 09 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रजप्रांत संघ शिक्षा वर्ग सामान्य-शालेय विद्यार्थी प्रशिक्षण के अंतर्गत मंगलवार शाम भव्य पथ संचलन निकाला गया। संचलन में शामिल स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन शक्ति और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

संघ शिक्षा वर्ग 30 मई से जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संचालित हो रहा है। इसमें ब्रजप्रांत के 29 जिलों के 211 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अधिक ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष नवमी, विक्रम संवत 2083 के अवसर पर शाम छह बजे पथ संचलन वर्ग स्थल से प्रारंभ हुआ।

संचलन जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर से निकलकर सुरेश शर्मा नगर चौराहा, बजरंग ढाबा, संजय नगर, तुलाशेरपुर 60 फुटा रोड, मिहिरभोज गुर्जर प्रतिहार चौराहा, 100 फुटा रोड, अशर्फी बारात घर और देव प्राइमस अस्पताल के सामने से होते हुए पुनः वर्ग स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ।

घोष वाद्य की मधुर धुनों के साथ कदमताल करते स्वयंसेवकों को देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जुटी रही। विभाग प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र सचान ने बताया कि पथ संचलन के दौरान प्रांत संघचालक शशांक भाटिया, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, सह प्रांत प्रचारक विनोद, वर्ग के सर्वाधिकारी दीपराज, वर्ग कार्यवाह संजीव पांडेय समेत ब्रजप्रांत और बरेली महानगर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार