Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



गुवाहाटी, 09 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार पूरे राज्य के साथ-साथ कामरूप (मेट्रो) जिले के सभी पीएमएसएमए केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) में विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिले के सभी पीएमएसएमए केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव-पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन तथा मधुमेह संबंधी परीक्षणों के साथ-साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय पर पहचान एवं आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किया।
इसके अतिरिक्त, गर्भवती महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों के बीच जागरूकता सभाओं का भी आयोजन किया गया। इन सभाओं में नियमित प्रसव-पूर्व स्वास्थ्य जांच के महत्व, पौष्टिक आहार के सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता, संस्थागत प्रसव, शिशु जन्म के बाद देखभाल, उच्च जोखिम के लक्षणों की पहचान तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में प्रारंभ किए गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत देशभर में गर्भवती महिलाओं को प्रत्येक माह की 9 तारीख को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव-पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कामरूप (मेट्रो) जिले में भी प्रत्येक माह की 9 तारीख को पीएमएसएमए केंद्रों में यह सेवा नियमित रूप से प्रदान की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर