Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस द्वारा भाजपा पर राज्यसभा चुनाव के दौरान हॉर्स ट्रेडिंग करने के आरोप पर करारा प्रहार किया है। साहू ने प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को कहा कि लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है लेकिन कांग्रेस ने लोकलाज की सारी मर्यादाओं को लांघने का काम किया है।
साहू ने कांग्रेस से पूछा है कि उनकी पार्टी के और बीजेपी के कितने सदस्य झारखंड विधानसभा में हैं। झारखंड में कांग्रेस से कहीं अधिक सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हैं। 16 विधायक रखकर कांग्रेस खुद हॉर्स ट्रेडिंग करने का काम कर दूसरे को उपदेश देने का काम कर रही है। कांग्रेस बतलाये कि वह 28 सदस्य कैसे पूरा करेगी? यह लोग खरीद फरोख्त करने का काम कर रहे हैं और उल्टा भाजपा को आंख दिखाने का काम कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी पैसे की राजनीति नहीं करती है, खरीद फरोख्त पर हमारी पार्टी विश्वास नहीं करती है। इसलिए कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, तब कोई बात करनी चाहिए।
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरा को झारखंड एवं देश की जनता ने बार-बार देखा है। कांग्रेस ने देश को बर्बाद करने का काम किया है। यह वही कांग्रेस है जिन्होंने झारखंड के आंदोलन को तीन करोड़ रुपये में खरीदने का काम किया है। पैसों से लोगों को तौलना इनका स्वभाव रहा है। जिन जिन राज्यों में भी कांग्रेस की सरकार या इनके समर्थन से सरकार रही है उसको दीमक की तरह चाटने का काम कांग्रेस करती है। झारखंड को भी दीमक की तरह चाट रही है। झारखंड को बर्बाद करने के लिए राज्य को गलत दिशा में ले जा रही है। ये लोग भाजपा को नैतिकता की पाठ नहीं पढ़ाएं। सूचना है कि कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्यों में ले जाने के लिए परेशान है।
कांग्रेस को अपने विधायकों पर ही विश्वास नहीं है। बोली लगाने, डराने, धमकाने के लिए उन्हें अन्यत्र ले जाने की तैयारी है। कांग्रेस बतलाए कि वह विधायकों को बाहर क्यों ले जाना चाहती है ?
आदित्य साहू ने कहा कि हमारी पार्टी की इच्छा थी कि कोई कार्यकर्ता ही राज्यसभा जाए। लेकिन भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है। भाजपा चाहती तो जोड़ तोड़ की राजनीति से किसी कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव भेज सकती थी लेकिन हम उस पार्टी और परिवार के सदस्य हैं जहां एक वोट से वाजपेई सरकार गिर रही थी तब उन्होंने जोड़ तोड़ की राजनीति की बजाय सत्ता गंवाना बेहतर समझा। इसलिए झारखंड भाजपा के कार्यकर्ता ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे वाजपेयी के सपनों या विचारधारा को कष्ट पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड को जोड़-तोड़ एवं खरीद फरोख्त की राजनीति, भ्रष्टाचार से उबारने का काम किया है।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं अशोक बड़ाइक भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे