Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 09 जून (हि.स.)।
जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 के दौरान मेला परिसर की 500 मीटर परिधि में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में 16 से 25 जुलाई तक आयोजित होने वाले 365 वें रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेला क्षेत्र में वॉच टावर, खोया-पाया केंद्र, पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाएगी। चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। रथयात्रा मार्ग पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी और बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दुकानों को निर्धारित दायरे में ही लगाने की अनुमति होगी और रथ पथ से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर मार्ग और रथयात्रा रूट की सड़कों की मरम्मत जल्द पूरी करने को कहा गया है। मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने, पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था, पार्किंग शुल्क का निर्धारण और विशेष सफाई अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा रांची की सांस्कृतिक पहचान है और इसके भव्य, सुरक्षित सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में कई अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar