Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 09 जून (हि.स.)। आजादी के महानायक और आदिवासी स्वाभिमान के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ उनका उलगुलान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही आदिवासी समाज के अधिकार, अस्मिता और अस्तित्व की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने स्वराज, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन संघर्ष और आत्मबल का प्रतीक है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रमेश हांसदा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया, जिला महामंत्री रमेश नाग, जिला मंत्री मनोज सरदार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक