Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वडोदरा, 08 जून (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर वडोदरा के करजन के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 से 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु सिलवासा से राजस्थान स्थित खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार परिवार अर्टिगा कार में सवार होकर खाटू श्याम के लिए रवाना हुआ था। भरूच पार करने के बाद वडोदरा के निकट कार से अचानक असामान्य आवाज आने लगी। इसके चलते चालक ने वाहन को एक्सप्रेस-वे की सफेद पट्टी के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। कार में आई खराबी की जांच के लिए परिवार के पुरुष सदस्य नीचे उतर गए, जबकि महिलाएं और बच्चे वाहन के अंदर ही बैठे रहे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक आईसर ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग दूर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रक चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आगे जाकर वाहन को रोक लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को वडोदरा की अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। कई लोगों को हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं।
पुलिस ने बताया की मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों के नाम:
प्रमोदभाई भायदास पाटील
विशाल बालू देवरे
वंदनाबाई बालू देवरे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे